अवैध फैक्ट्री के माल के साथ आरोपी और मौजूद पुलिस टीम।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने तुलसी इंटर कॉलेज के सामने स्थित घर में छापा मारकर नकली पान मसाला बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोच लिया, जबकि कई अन्य भाग गये। लगभग 15 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है। बताया जाता है कि यह गोरखधंधा कई साल से चल रहा था।
मुखबिर की सूचना पर शनिवार को थानाध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने टीम के साथ गुड़मंडी के पास तुलसी इंटर कालेज गेट के सामने स्थित विपिन कुमार अग्रहरि पुत्र रामेश्वर प्रसाद के आवास पर छापा मारा। पुलिस को देखते ही कुछ लोग भाग गए, लेकिन मुख्य आरोपी विपिन को पुलिस ने दबोच लिया।
जांच के दौरान उसके घर में नामी कंपनी का नकली पान मसाला बनाने की फैक्ट्री मिली। पुलिस ने चार सफेद प्लास्टिक की बोरियों में नकली पान मसाला (450 पैकेट), पैकिंग मशीन, कटर मशीन, रैपर और कच्चा माल बरामद किया। इसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई गई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि कई साल से नकली पान मसाला बनाने की फैक्ट्री चल रही थी। इस काम में कई लोग लगे हैं। उन्होंने बताया कि भागे लोगों की तलाश की जा रही है। आरोपी के खिलाफ ट्रेड मार्क और कापी राइट एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। बताया कि वह नकली माल को बाजार में असली बताकर ही बेचता था। टीम में उप निरीक्षक प्रभात कुमार शुक्ला, उप निरीक्षक धीरेंद्र कुमार मिश्रा भी शामिल रहे।