न्यायालय में तारीख करने आए टीचर और उसकी पत्नी में विवाद हो गया। दोनों लोगों में भरी कचहरी में मारपीट होने लगी। वहां मौजूद वकीलों ने बीच बचाव कर दोनों लोगों को अलग किया। महिला ने पति, देवर और सास के खिलाफ एसपी को प्रार्थना पत्र दिया। एसपी ने फतेहगढ़ कोतवाल को रिपोर्ट लिखने का आदेश दिया है। कमालगंज के गांव भटपुरा निवासी रिंकी की शादी मोहम्मदाबाद के गांव भरतपुर निवासी टीचर अवधेश के साथ शादी हुई थी।
दहेज को लेकर विवाद होने पर ससुरालियोें ने रिंकी को मारपीट कर घर से निकाल दिया था। रिंकी ने दहेज उत्पीड़न का मुकदमा पति व अन्य ससुरालियों के खिलाफ दर्ज कराया था। सोमवार को रिंकी और उसका पति टीचर अवधेश तारीख करने कचहरी आए। इस दौरान रिंकी को पता चला कि बिना तलाक लिए पति ने दूसरी शादी कर ली। इसको लेकर रिंकी और उसके पति में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों में मारपीट होने लगी।
मारपीट होने से उठापटक शुरू हो गई। यह देखकर वकीलों ने बीच बचाव कर दोनों को अलग किया। वहां से रिंकी एसपी कार्यालय पहुंची और पति, देवर व सास के खिलाफ तहरीर दी। इसमें मारपीट व अभद्रता करने का आरोप लगाया। एसपी ने पीड़िता की तहरीर पर कोतवाल को रिपोर्ट लिखने का आदेश दिया है।