सीपी विद्या निकेतन में मंगलवार को अध्यापक ने कक्षा 11 के छात्र की जमकर
पिटाई कर दी। घायल छात्र ने मामले की जानकारी परिजनों को दी। छात्र की
पिटाई से आक्रोशित अभिभावक एसडीएम के पास पहुंचे। एमडीएम ने मामले की जांच
के लिए कोतवाल को निर्देश दिया है। उधर, इस मामले को गंभीरता से लेते हुए
स्कूल के प्रधानाचार्य ने पिटाई करने वाले अध्यापक के साथ ही पिटे छात्र को
विद्यालय से बाहर निकाल दिया है।
सीपी विद्या निकेतन में कक्षा 11 में
पढ़ने वाले छात्र कलाखेल निवासी माज अहमद पुत्र मुख्तयार खां को स्कूल के
अध्यापक अजीत सक्सेना ने पिटाई कर दी। छात्र का आरोप है कि अध्यापक ने अपने
साथियों के साथ मिल कर उसे स्टाफ रूम में बंद दिया। इसके बाद जमकर पीटा।
उसकी चीख पुकार सुन कर अन्य अध्यापक व छात्र मौके पर पहुंचे और उसे किसी
तरह बाहर निकाला। स्कूल से छूटने पर छात्र घर पहुंचा। छात्र की घायल देख
परिजन आक्रोशित हो गए। आक्रोशित परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद वे
एसडीएम के पास पहुंचे। उन्होंने अध्यापक के खिलाफ तहरीर देकर न्याय की
गुहार लगाई। इस पर एसडीएम ने कोतवाली पुलिस को मामले की जांच कर कारवाई के
निर्देश दिए। कोतवाली से स्कूल पहुंची पुलिस ने अन्य छात्रों से घटना की
जानकारी ली। इसके बाद दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज
करने के बजाय समझौते की कोशिश शुरू कर दी। देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की
गई
और समझौते का प्रयास चलता रहा। विद्यालय के प्रधानाचार्य पीरथ ने बताया
कि छात्र ने कुछ समय पहले अध्यापक अजीत सक्सेना के साथ अभद्रता कर दी थी।
इससे उसके स्कूल आने पर रोक लगा दी गई थी। मंगलवार को वह स्कूल आया तो
छात्र एवं अध्यापक के बीच मारपीट हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए
छात्र एवं अध्यापक दोनों को स्कूल से निकाल दिया गया है।