पकड़े गए सट्टा माफिया के बारे में जानकारी देते एसपी राजेशकृष्ण।
- फोटो : अमर उजाला
मोहल्ला खटकपुरा निवासी सट्टा माफिया को पुलिस ने घर से दबोचा है। पुलिस को उसके पास से मादक पदार्थ भी मिला है। शुक्रवार को इसका खुलासा एसपी ने पत्रकार वार्ता के दौरान किया। उन्होंने कहा कि अन्य सटोरियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। वहीं, सट्टा माफिया ने बताया कि अभी काम बंद चल रहा है। जब काम चलता है तो पुलिस को भी मोटा हिस्सा मिलता है।
शहर कोतवाली के मोहल्ला खटकपुरा निवासी सट्टा माफिया हसनैन को पकड़ने के लिए कई बार पुलिस की टीमों ने छापेमारी की लेकिन हर बार वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाता था। इससे पहले भी पुलिस ने छापा मारा तो उसके एजेंटो को गिरफ्तार किया था। शुक्रवार को प्रभारी कोतवाल महेंद्र कुमार त्रिपाठी को सूचना मिली कि हसनैन अपने घर पर मौजूद है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने छापा माराकर हसनैन को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को उसके कब्जे से 850 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसके अलावा सट्टा पर्ची बरामद हुई। सट्टा माफिया के पकड़े जाने की जानकारी आलाधिकारियों को दी गई। एसपी राजेशकृष्ण ने शहर कोतवाली में वार्ता के दौरान कहा कि हसनैन के ऊपर 17 मुकदमे दर्ज हैं। अन्य मुकदमों की जानकारी की जा रही है। सबसे पहले वर्ष 1996 में सट्टा का मुकदमा दर्ज हुआ था।
एसपी ने बताया कि सट्टा माफिया वर्मा समेत अन्य कारोबारियों की तलाश में छापेमारी हो रही है। हसनैन ने बताया कि यह काम दिल्ली से होता है। दिल्ली में इस काम को पप्पू नाम का एक व्यक्ति करता है। उसने बताया कि इस समय यह कारोबार बंद चल रहा है। जब चालू होता है तो उसमें पुलिस को भी मोटा हिस्सा मिलता था।