खेत की रखवाली के लिए निकले ग्रामीण की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया गया।
आरोपी ने बचने के लिए खुद से लूटपाट का आरोप लगा पुलिस को चकरघिन्नी बना
दिया। उसकी सूचना पर परिजनाें ने उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।
मृतक की पत्नी ने घायल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसपी विजय
यादव ने मौके पर जाकर मृतक के परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने शव का
पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव नरायनपुर निवासी
उमाशंकर राठौर गांव में खेत बटाई पर लिए था। सोमवार की रात 10 बजे वह
साइकिल से खेत की ओर रखवाली करने के लिए निकला। रास्ते में गांव खन्नी नगला
निवासी सुरेंद्र जाटव से उसका झगड़ा हो गया। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों
ने गला दबा कर उसकी हत्या कर दी और शव भट्ठे वाले खेत में फेंक दिया। घटना
को अंजाम देने के बाद सुरेंद्र ने खुद से लूटपाट किए जाने का स्वांग रचा।
इसने घर पहुंचकर अपने साथ लूट की जानकारी परिजनों को दी।
इस पर परिजन इसे
लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे। सुबह शव पड़ा देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर
जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। इस पर कोतवाल आरपी यादव मौके पर पहुंचे।
कोतवाल से सूचना मिलने पर एसपी विजय यादव भी पहुंच गए। उन्होंने मृतक की
पत्नी सरला देवी से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर
पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सरला देवी ने सुरेंद्र और इसके एक अज्ञात
साथी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। नामजद रिपोर्ट दर्ज होने के
बाद पुलिस ने अस्पताल में एक सिपाही को तैनात कर दिया। पुलिस मामले की जांच
कर रही है।
देवर पर मारपीट का आरोप
मृतक उमाशंकर का छोटे भाई
रामफेरे से किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था। मौके पर पहुंचे
एसपी विजय यादव को मृतक की पत्नी सरला ने बताया पति से देवर आए दिन झगड़ा
करते थे। हालांकि घटना के समय रामफेरे और उसका बेटा रिषी भी मौजूद था।
पुलिस ने पूछताछ के बाद पिता पुत्र को छोड़ दिया। देवर पर मारपीट का आरोप
सुन कर ग्रामीण भड़क गए। ग्रामीणों का कहना था कि जो घटनास्थल है वह साफ
जाहिर कर रहा कि सुरेंद्र ने अपने साथी की मदद से उमाशंकर की हत्या कर दी।