कोतवाली क्षेत्र के गांव पंछी नगला में पुरानी रंजिश के चलते अज्ञात
हमलावरों ने टहलने निकलने ग्रामीण की टकोरे से प्रहार कर निर्मम हत्या कर
दी। घटना की सूचना मिलने पर सीओ घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ
की। पुलिस ने शव का पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम को भिजवाया। समाचार लिखे
जाने तक घटना की तहरीर नहीं दी गई थी।
गांव पंछी नगला के रहने वाले
रामकिशोर (38) पुत्र रूपराम लोधी रविवार रात करीब 7.30 बजे घर से टहलने के
लिए निकले थे। बिजली न होने के चलते अंधेरा पसरा था। वह अपने घर से कुछ ही
दूरी पर पहुंचे थे कि अज्ञात हमलावरों ने टकोरे से रामकिशोर पर ताबड़तोड़
प्रहार करना शुरू कर दिया। चीख-पुकार मचाने पर रामकिशोर के परिजन घटनास्थल
पर पहुंचे लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे और रामकिशोर का शव रक्तरंजित
अवस्था में जमीन पर पड़ा था।
शव देख परिजनों का कोहराम मच गया। घटना की
सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सीओ एके रावत और कोतवाल एके
परिहार फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने मृतक के परिजनों से
पूछताछ की। परिजनों ने गांव के ही कोटेदार दारा सिंह पुत्र रामप्रसाद और
गुड्डू पुत्र रामसिंह पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना था
कि वर्ष 2013 में गुड्डू के पिता रामसिंह की हत्या हो गई थी।
इस मामले में
रामकिशोर समेत दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रामकिशोर जमानत
पर छूटे चल रहे थे। सीओ ने बताया कि मृतक रामकिशोर के परिजन कोटेदार दारा
सिंह और गुड्डू पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। मामले की छानबीन की जा रही
है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।