फर्रुखाबाद। बाइक से घर लौट रहे रिटायर्ड बीडीओ के पुत्र को बाइक सवार हमलावरों ने कनपटी और पेट में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भाग गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल को नाला मछरट्टा स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया। समाचार लिखे जाने तक युवक की हालत गंभीर बनी हुई थी।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नरायनपुर निवासी रिटायर्ड बीडीओ रामभरोसे जाटव का पुत्र संजय कुमार बुधवार रात बाइक से बाजार गया था। रात लगभग 8.50 बजे संजय बाइक से घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गुंजन बिहार कॉलोनी आम के बाग के पास पीछे से बाइक पर आए दो हमलावरों ने चलती बाइक पर संजय के कनपटी और पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही संजय लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार हमलावर भाग गए। राहगीर मौके पर पहुंचे और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। जानकारी पर संजय के परिजन मौके पर आए और उसे नाला मछरट्टा स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया। इस दौरान एएसपी अशोक कुमार, शहर कोतवाल देवेंद्र शर्मा और फतेहगढ़ कोतवाल अजीत कुमार पुलिसबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। फिलहाल घटना के पीछे क्या कारण हैं यह पता नहीं चला है। घायल की हालत नाजुक बनी हुई है। कोतवाल ने घायल का मोबाइल कब्जे में ले लिया है। पुलिस घटना के खुलासे के लिए सर्विलांस का सहारा लेगी।