थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से उसका ममेरा भाई शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा। जानकारी होने पर परिजनों ने शादी के लिए पहले हां कर दी बाद में इनकार कर दिया। न्याय न मिलने पर पीड़िता ने जहर खा लिया, जिसके बाद थाना पुलिस ने देर रात ममेरे भाई समेत चार लोगों के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट, धमकी और दहेज मांगने का मुकदमा दर्ज कर लिया।
एक गांव निवासी ग्रामीण के घर उसके फौजी भांजे का आना-जाना था। आरोप है कि भांजा उसकी बेटी के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा। जब बेटी ने परिजनों को बताया तो वह लोग भांजे के घर शादी की बात करने गए। भांजे के परिजन शादी के लिए तैयार हो गए। पीड़ित ने दीपावली से पहले बेटी की रुकाई फौजी भांजे के साथ कर दी। 14 दिसंबर को ग्रामीण ने शादी की तिथि तय करने के लिए कहा तो भांजे के परिजनों ने इनकार कर दिया। शादी टूटने के बाद पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
ग्रामीण ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को भी वह बेटी को लेकर थाने गया था। पर पुलिस ने टरका दिया। इससे क्षुब्ध होकर बेटी ने शुक्रवार रात घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया। घटना की सूचना रात में ही पिता ने थाने में दी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने फौजी कुंदन सिंह, उसके पिता राजेंद्र सिंह, मां शारदा देवी और नीतू निवासी नगला कन्हइया थाना जहानगंज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष वेदप्रकाश पांडेय ने बताया कि आरोपी पीड़ित के सगे रिश्तेदार हैं। इसलिए मामले की गहनता से जांच करने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।