फर्रुखाबाद। तेज हवा के साथ हुई बरसात ने जिले की बिजली आपूर्र्ति को बाधित कर दिया है। कई जगह तार टूटे तो कई जगह इंसुलेटर खराब होने से बिजली आपूर्ति ठप रही। हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से ग्रामीण इलाकों के पांच सौ गांव अंधेरे में रहे। रविवार को शहरी क्षेत्र की बिजली आपूर्र्ति दोपहर तक बहाल हो पाई, वहीं ग्रामीण इलाकों में कई जगह रात से गुल हुई बिजली दूसरे शाम को आई।
शनिवार की रात करीब दो बजे से तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई। बरसात तेज होने पर शहर से लेकर गांव तक की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। फतेहगढ़ फीडर की हाईटेंशन लाइन के तार टूट गए। कुछ जगह इंसूलेटर खराब हुए। नीबकरोरी उपकेंद्र से नवाबगंज और हजियापुर विद्युत उपकेंद्र को जाने वाली हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया। इससे दोनों उपकेंद्रों से पांच सौ गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई।
वहीं मोहम्मदाबाद, कमालगंज, राजेपुर, अमृतुपर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बरसात होने से आए फाल्टों के चलते ठप हो गई। रविवार की सुबह बरसात बंद होने के बाद टूटे तार और खराब हुए इंसूलेटरों को बदलने का काम शुरू कराया गया। शहरी क्षेत्र के उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति सुबह 9 बजे तक बहाल कर दी गई। नवाबगंज और हजियापुर विद्युत उपकेंद्र के 33 हजार लाइन का तार न जुड़ने के कारण रविवार की देर शाम तक लगभग पांच सौ गांवों की बिजली सप्लाई बंद रही, वहीं मोहम्मदाबाद, कमालगंज, अमृतपुर और राजेपुर की आपूर्ति शुरू हो गई।
बोले जिम्मेदार
एक्सईएन शहरी एसके शर्मा ने बताया कि बरसात से आए फाल्टों के कारण सप्लाई प्रभावित हुई थी। उसको बहाल कर दिया गया है। एक्सईएन ग्रामीण अमर सिंह ने बताया कि बरसात में कुछ जगह तार टूटने से आपूर्ति प्रभावित हुई। तारों को जुड़वा कर आपूर्ति बहाल की जा रही है।