टीचर के बेटे की गुमशुदगी दर्ज न होने पर शनिवार को युवक के परिजनों ने
एसपी आफिस पहुंच कर हंगामा किया। इन्होंने एएसपी के समक्ष पुलिस के
लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। एएसपी ने शहर कोतवाल को तलब कर फटकार लगाई।
मोहल्ला नेकपुर चौरासी खेरेपुर निवासी घनश्याम का बेटा दीपक कटियार 12 मई
को अपनी टीचर मां को स्कूल छोड़ने पांचाल घाट गया था। इसके बाद वह गंगा
स्नान करने के लिए अपने दोस्तों के साथ चला गया था। यहां से वह लापता हो
गया।
परिजनों ने इसकी सूचना शहर कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ित को
फतेहगढ़ कोतवाली भेज दिया। तब से परिजन चक्कर काट रहे हैं लेकिन पुलिस ने
गुमशुदगी दर्ज नहीं की है। शनिवार को दीपक के पिता परिवार के अन्य लोगों के
साथ एसपी आफिस पहुंचे। यहां पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। इस पर बाहर
आए एएसपी रामभवन चौरसिया ने परिजनों से
वार्ता की। परिजनों ने बताया कि वह
फतेहगढ़ से लेकर शहर कोतवाली तक के चक्कर लगा रहे हैं। अभी तक कोई कार्रवाई
नहीं की गई। एएसपी ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद
एएसपी ने शहर कोतवाल आरपी यादव को तलब कर फटकार लगा दी। एएसपी ने कोतवाल
को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।