फर्रुखाबाद। पुराने नोटों की जानकारी पर पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने धर्मशाला के एक कर्मचारी को पकड़ लिया। शहर कोतवाली के मोहल्ला बूरावाली गली निवासी हैप्पी सिंह राठौर के घर पर स्वाट टीम को भारी मात्रा में पुराने नोटों के होने की जानकारी मिली।
इस सूचना के बाद स्वाट प्रभारी महेंद्रनाथ त्रिपाठी और शहर कोतवाल अनूप निगम ने छापा मारा। तलाशी के दौरान टीम को उसके घर से 47 हजार रुपये पुराने बरामद हुए। इस पर टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। स्वाट प्रभारी ने बताया कि हैप्पी को पकड़ा गया है। उससे कोतवाली पुलिस पूछताछ कर रही है। उधर, कोतवाल अनूप निगम ने बताया कि हैप्पी राठौर से पुराने नोट मिले हैं। उससे पूछताछ की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी कर चालान किया जाएगा। हैप्पी राठौर शहर के एक धर्मशाला में कर्मचारी है। उसके पकड़े जाने की खबर पर कई लोग उसे छुड़ाने के लिए कोतवाली में डेरा जमाए रहे। मामला उच्चाधिकारियों की जानकारी में आ जाने के कारण पुलिस ने किसी भी एक नहीं सुनी।