फर्रुखाबाद। लेडी डॉन प्रकरण में कमालगंज थानाध्यक्ष सालिगराम वर्मा समेत पांच लोगों को निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद एसपी ने मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी है।
पड़ोसी जिला कन्नौज के गांव मलिकपुर की रहने वाली लेडी डान नाम से चर्चित युवती विरुद्घ कमालगंज के थानाध्यक्ष सालिगराम वर्मा ने टेलीफोन पर जान से मारने की धमकी देने तथा अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था।
इस मामले में कमालगंज पुलिस ने आरोपी को 30 अप्रैल को गिरफ्तार किया। उसी दिन न्यायालय में रात 10 बजे पेश किया और न्यायालय से जेल आमद के लिए ले जाते समय युवती सरकारी जीप से कूद गई थी।
इस मामले में एसपी ने कमालगंज थानाध्यक्ष सालिगराम वर्मा, पेशी पर लाने वाली महिला सिपाही नारायणी देवी और दरोगा हरिओम शर्मा, सिपाही यासमीन खां और कमल सिंह को सस्पेंड कर दिया है।
लेडी डॉन के विरुद्घ दर्ज कराए दोनों मुकदमों की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। बताते चलें कि थानाध्यक्ष ने जो अभियोग लेडी डॉन के विरुद्घ दर्ज कराया था। उसकी विवेचना दरोगा हरिओम शर्मा को सौंपी गई थी।
हरिओम शर्मा ने विवेचना में कोताही की। इस वजह से उन्हें भी निलंबित कर दिया गया है।