रविवार की दोपहर खेत से मित्र के साथ बाइक से घर लौट रहे क्षत्रिय महासभा
के जिलाध्यक्ष को पुरानी रंजिश में घेर लिया गया। जान से मारने की नीयत से
फायर किया। जिलाध्यक्ष ने गली में घुसकर जान बचाई। दिनदहाड़े फायरिंग से
जयनरायन वर्मा रोड पर हड़कंप मच गया। जानकारी पर सीओ सिटी पुलिस बल के साथ
पहुंचे और पीड़ित से घटना की जानकारी ली। पीड़ित ने हमलावरों के खिलाफ
कोतवाली में तहरीर दी है।
मोहल्ला नेकपुर चौरासी निवासी अरविंद भदौरिया
क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष हैं। रविवार की दोपहर वह अपने दोस्त मुकेश
के साथ बाइक से जेएनवी रोड रेलवे क्रासिंग के पास खेत देखने गए थे। लौटते
समय वह गमादेवी मंदिर के पास से गुजर रहे थे। तभी फतेहगढ़ के गांव भरखामऊ
निवासी कुशल परिहार अपने भाई और समर्थकों के साथ गाड़ियों से आए और अरविंद
को घेर लिया। हमलावरों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। अरविंद हमलावरों के
चुंगल से छूटकर भागने लगे तो आरोपियों ने उन पर फायरिंग कर दी।
अरविंद ने
गली में घुसकर अपनी जान बचाई। घटनाकी सूचना एसपी विजय यादव को दी गई। सूचना
मिलने पर सीओ सिटी वाईपी सिंह, एसएसआई मिर्जा सदरे आलम बेग समेत फतेहगढ़
का फोर्स मौके पर पहुंचा। तब तक हमलावर गाड़ियों से फरार हो गए। पुलिस को
अरविंद ने बताया कि हमलावरों में कुशल परिहार, उसका भाई अंचल परिहार,
रविकांत राठौर, कुलदीप राठौर के अलावा चार-पांच अज्ञात लोग भी थे।
हमलावरों
के पास लाइसेंसी असलहे थे जिनसे फायरिंग की गई। हमलावरों से पुरानी रंजिश
है। अरविंद ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। घटना की सूचना पर क्षत्रिय
महासभा के वरिष्ठ नेता ज्ञानेंद्र सिंह छोटे भी कोतवाली पहुंचे। क्षत्रिय
महासभा के लोगों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।