राजस्थान की राजधानी जयपुर से आई पुलिस टीम ने फिरौती के मामले में कमालगंज
इलाके में मंगलवार को ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान कुंडपुरा एवं
रजीपुर गांव से दर्जनभर से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया हैं। इन लोगों
से कमालगंज थाने में पूछताछ की जा रही है। ताबड़तोड छापेमारी में इलाके में
दहशत का माहौल है।
बताया जाता है कि जयपुर के एक व्यापारी से फिरौती
मांगी गई थी। इसके अलावा एक व्यापारी का कुछ दिन पहले अपहरण हो गया था।
सूत्रों की मानें तो मामले की जांच पड़ताल के दौरान कुछ युवक पकड़े गए। इन
युवकों से मिले मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगाया गया। फिरौती मांगने के
लिए आए काल नंबर की लोकेशन भी सर्विलांस के जरिए कमालगंज थाना क्षेत्र के
आसपास मिली। इस पर सब इंस्पेक्टर दलवीर सिंह के नेतृत्व में जयपुर पुलिस
कमालगंज थाने पहुंची। यहां स्थानीय पुलिस को साथ लेकर कुंडपुरा एवं रजीपुर
गांव में छापेमारी की। पुलिस ने पहले कुंडपुरा गांव से एक व्यक्ति को
उठाया। उससे करीब घंटेभर हुई पूछताछ के बाद एक-एक कर दर्जनभर से ज्यादा
लोगों को हिरासत में लिया गया। इन सभी को लेकर पुलिस कमालगंज
थाने पहुंची।
यहां बंद कमरे में पकड़े गए लोगों से फिर पूछताछ की जा रही है। एक के बाद
एक कर बड़ी संख्या में लोगों के हिरासत में लिए जाने से आसपास के गांवों
में ही दहशत का माहौल है। इस संबंध में पूछे जाने पर सब इंस्पेक्टर दलवीर
सिंह ने गोपनीयता का हवाला देते हुए खुलकर बोलने से इनकार कर दिया। बस इतना
कहा कि किसी की जान को खतरा है।