अमृतपुर। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने विवाहिता की हत्या कर दी। मृतका की मां ने ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र के गांव नगला हूसा निवासी सरिता देवी पत्नी सतेंद्र अवस्थी ने बेटी रानू उर्फ प्रिया की शादी दो साल पहले इसी थाना के गांव बलीपट्टी रानीगांव निवासी मोहित के साथ की थी। शादी के बाद ससुरालीजन दहेज में दो लाख रुपये और जमीन देने की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर वे विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे।
इसकी जानकारी पीड़िता ने अपने मायके वालों को दी। सूचना पर मायके वालों ने बेटी की ससुराल पहुंच कर जैसे-तैसे ससुरालीजनों को शांत करा दिया। कुछ समय बाद ससुरालीजन पुन: उसके साथ मारपीट करने लगे। मृतका की सरिता ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने उसकी बेटी की मंगलवार की शाम हत्या कर दी।
सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। नायब तहसीलदार भानुप्रताप सिंह ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सरिता ने पति मोहित, ससुर जगदीश, सास नीलम, ननद प्रिया, देवर सुमित और बाबा रामदेव के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई।