जिला कारागार से अदालत में पेशी पर लाए गए हत्यारोपी अधिवक्ता को हवालात
में बंद करने पर वकील और हवालात प्रभारी में झगड़ा हो गया। इससे नाराज
वकीलों ने हवालात प्रभारी सिपाही को दौड़ा दौड़ा कर पीटना शुरू कर दिया।
सिपाही पिटते पिटाते पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। उसने एसपी विजय यादव
को घटना की जानकारी दी। एसपी के निर्देश पर
आरआई लाइन, फतेहगढ़ कोतवाल और
सीओ सिटी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। भारी संख्या में फोर्स के पहुंचने पर
बार एसोसिएशन के सचिव भी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव के बाद मामला शांत
हुआ। हत्यारोपी अधिवक्ता को हवालात से निकाल कर पुलिस सुरक्षा में बैठाया
गया।
कमालगंज थाना क्षेत्र में जमीन की रंजिश में हत्या के आरोप में
जिला कारागार में निरुद्ध बंदी अधिवक्ता हरिप्रसाद सिंह समेत 49 बंदी
सोमवार को पेशी के लिए सदर हवालात लाए गए थे। हवालात प्रभारी सिपाही राजेश
बाबू हत्यारोपी अधिवक्ता को भी हवालात में बंद करने लगे। उन्होंने खुद को
बीमार बताते हुए बाहर बैठाने को कहा। इसके बाद भी हवालात प्रभारी ने उन्हें
जबरन हवालात में बंद कर दिया।
इसकी जानकारी मिलते ही वहां वकील पहुंचे और
सिपाही राजेश बाबू से बहस हो गई। सिपाही ने अधिवक्ता को बाहर निकालने से
इनकार किया तो वकीलों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। सिपाही भागने लगा तो भी
अधिवक्ता उसे पीटते रहे। वह भागते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और
एसपी विजय यादव को जानकारी दी। एसपी के निर्देश पर आरआई लाइन सुरेंद्र
सिंह, फतेहगढ़ कोतवाल कुंअर बहादुर दलबल के साथ सदर हवालात पहुंचे।
तब तक
वहां जिला बार एसोसिएशन के सचिव संजीव पारिया भी वकीलों के साथ पहुंच गए।
उन्हाेंने वकीलों को शांत कर आरआई लाइन से आरोपी हरिप्रसाद को हवालात से
बाहर पुलिस निगरानी में बैठाने को कहा। फिर सिपाही राजेश बाबू से चाबी
मंगवा कर वकील को हवालात से बाहर निकाल कर बैठाया गया तब जाकर मामला शांत
हुआ।
चाबी नहीं देंगे चाहे मार लो
हत्यारोपी अधिवक्ता
हरिप्रसाद सिंह को हवालात में बंद करने के बाद प्रभारी राजेश बाबू ने चाबी
जेब में रख ली। मारपीट के दौरान कुछ वकीलों ने चाबी मांगी तो वह जमीन पर
बैठ गए। बोले कि चाबी नहीं देंगे, चाहे मार लो। पिटने के बावजूद सिपाही ने
चाबी नहीं दी। आरआई लाइन के पहुंचने के करीब आधे घंटे बाद सिपाही ने अपने
साथी को चाबी दी। तब वकील को हवालात से बाहर निकाला गया।
सीओ को सौंपी जांच
पिटने-पीटाने में माहिर हो चुकी जिले की पुलिस ने एक बार फिर जांच का राग
अलापा है। एसपी विजय यादव ने कहा कि कचहरी में सदर हवालात प्रभारी के साथ
हुई मारपीट के मामले की जांच सीओ सिटी वाईपी सिंह को सौंपी गई है। जांच
रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।