दहेज लोभियों ने नवविवाहिता की फांसी लगाकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने सूचना पुलिस को दी। इस दौरान ससुरालीजन मौके से भाग गए। पुलिस ने ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
इटावा जिले के थाना भरथना के गांव नगला रतन निवासी सोबरन ने पुत्री सुषमा उर्फ दीक्षा (20) की शादी एक वर्ष पहले कोतवाली क्षेत्र के गांव नवादा अतनपुर निवासी जसवीर सिंह के पुत्र संदीप के साथ की थी। ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में एक लाख रुपये की मांग को लेकर सुषमा को प्रताड़ित करने लगे।
सोबरन ने बताया कि गुरुवार रात उसे सूचना मिली कि उसकी पुत्री की हालत खराब है। वह शुक्रवार सुबह बेटी की ससुराल पहुंचा तो देखा कि उसकी पुत्री का शव आंगन में पड़ा है, उसके गले में साड़ी का फंदा वलगा था। सोबरन ने इसकी सूचना पुलिस को दी।इस दौरान मौका पाकर ससुरालीजन मौके से भाग गए।
सूचना पाकर क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार पांडेय, तहसीलदार आरपी चौधरी कोतवाल भीम सिंह जावला, और दरोगा छैल बिहारी मौके पर पहुंच गए। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सोबरन ने दामाद संदीप कुमार चंदेल, ससुर जसवीर सिंह, सास चुन्नी देवी, जेठ राजीव कुमार और ननद कुमारी जूली के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।