ड्यूटी के बाद घर जाते समय प्राइवेट अस्पताल के कंपाउंडर को बाइक सवार लुटेरों ने टक्कर मारकर गिरा दिया। चाकू से वार कर घायल कर दिया और चेन लूट ली। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव ललौर निवासी प्रशांत फर्रुखाबाद शहर के आवास विकास तिराहा स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में कंपाउंडर हैं। सोमवार रात 8.15 बजे बाइक से ड्यूटी कर घर जा रहे थे। बेला सराय गजा मार्ग पर गांव समदपुर के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार तीन लुटेरों ने प्रशांत की बाइक में टक्कर मार दी। इससे प्रशांत गिर पड़े। बाइक सवार लुटेरों ने उसके गले में पड़ी चेन को तोड़ ली। जब प्रशांत ने इसका विरोध किया तो लुटेरों ने चाकू से वार कर दिया।
इससे वह घायल हो गए। प्रशांत ने अपना पर्स निकाल कर एक किनारे फेंक दिया। शोर होने पर ग्रामीण दौड़ पड़े। इस दौरान लुटेरे वहां से फरार हो गए। घटना की जानकारी होने थाना प्रभारी आलोक यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी ली। प्रशांत ने पुलिस को बताया कि तीन लुटेरे थे। वह लोग पीछा कर रहे थे लेकिन उस ओर ध्यान नहीं दिया। सुनसान इलाका होने पर लुटेरों ने घटना को अंजाम दे दिया। एसओ आलोक यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घायल को इलाज के लिए भेजा गया। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।