बाइक सवार हमलावरों ने सोमवार की सुबह ड्यूटी पर जाते समय बैंक के सुरक्षा
गार्ड को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेवर की ओर भाग
गए। जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने गार्ड को प्राइवेट अस्पताल मेें भर्ती
कराया। घायल के बेटे ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
घटना के पीछे जमीन की रंजिश बताई जा रही है।
गांव बनपोई निवासी रामनरेश
राजपूत गांव सकवाई में आईडीबीआई बैंक में प्राइवेट सुरक्षा कर्मी हैं।
सोमवार की सुबह वह बाइक से ड्यूटी जा रहे थे। सकवाई में गिट्टी प्लांट के
पास पीछे से आ रही काले रंग की बाइक पर सवार दो हमलावरों में से पीछे बैठे
एक ने तमंचे से गार्ड की पीठ पर फायर कर दिया। गोली लगते ही रामनरेश बाइक
से गिर पड़ा। उधर, बाइक सवार हमलावर बेवर की ओर भाग गए।
फायर की आवाज सुनकर
आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर बेटे रूपेंद्र सिंह ने पिता को
भोलेपुर स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी पर
कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके
साथ ही बाइक सवारों की धरपकड़ के लिए वायरलेस भी किया। तब तक हमलावर भाग
चुके थे। घटना के पीछे जमीन की रंजिश बताई जा रही है। कोतवाली प्रभारी
रामजीवन यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।