कंपिल थाना क्षेत्र के गांव सिरसा में सोमवार रात हुई युवा किसान की हत्या के मामले में गांव के पिता व उसके दो पुत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। तनाव को देखते हुए देर रात पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन सिंह, सीओ कायमगंज अखिलेश रॉय के अलावा स्वाट टीम प्रभारी कुलदीप दीक्षित, अमृतपुर, शमसाबाद, कायमगंज और कंपिल थानों का फोर्स घटनास्थल पर पहुंचा था।
थाना क्षेत्र के गांव सिरसा निवासी प्रमोद (32) पुत्र भूपाल सिंह सोमवार रात गांव के रामकृष्ण की बहन की शादी समारोह शामिल होने गया था। वहां से देर रात वह घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के ही लोगों ने प्रमोद को घेरकर गोली मार दी थी। परिजन घायल प्रमोद को सीएचसी कायमगंज ले गए। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया था। प्रमोद के भाई बेचेलाल ने देर रात थाने पहुंच कर तहरीर दी। इसमें कहा कि प्रमोद दावत खाने के बाद अकेले घर लौट रहे थे। पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही रामवीर पुत्र रामेश्वर, पिंकी उर्फ राजेश व राजीव पुत्रगण रामवीर ने हुकुम सिंह के मकान के पास प्रमोद को घेर लिया और गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर पिंकी ने असलहे से गोली मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। पिंकी उर्फ राजेश को मंगलवार को भरगेन शाद नगर मार्ग से थाना प्रभारी निरीक्षक ने गिरफ्तार कर लिया। उससे तमंचा और दो कारतूस बरामद किए हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक जेएल सोनकर ने बताया कि हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रमोद के घर जाकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। उसके बाद पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन कोई भी आरोपी मौके पर नहीं मिला। पुलिस अधीक्षक ने फोर्स के साथ गांव में रूट मार्च किया। मंगलवार को भी गांव में पुलिस बल तैनात रहा। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा रहा। आरोपियों के घर में महिलाएं मौजूद हैं, लेकिन बाहर के कमरों में ताले लटक रहे हैं। प्रमोद खेतीबाड़ी कर अपनी पत्नी बेगमवती, बच्चों सोनी (14), सनोज (12), शिवांगी (10), प्रियंका (8) और बेटा अनुज (10) का पालन पोषण करता था। प्रमोद की हत्या के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चे गुमसुम व उदास बैठे नजर आए। घर में ग्रामीणों व रिश्तेदारों का आना-जाना लगा रहा।
भोज के दौरान हुआ था विवाद
सोमवार को गांव सिरसा निवासी रामकृष्ण की बहन रजनी की बरात जिला हाथरस के गांव शाहबाद से आई थी। घर पर भोज कार्यक्रम चल रहा था। रामकृष्ण के घर पर रामवीर अपने पुत्र राजीव और पिंकी के साथ गया था। पिता-पुत्र शराब के नशे में गालीगलौज कर रहे थे। रामकृष्ण के भाई वेदपाल ने समझाने का प्रयास किया तो मारपीट शुरू कर दी। पहले से मौजूद प्रमोद ने विवाद होते देख बीच-बचाव किया तो प्रमोद से कहासुनी हो गई। ब्यूरो
आरोपियों के विरुद्ध कई मुकदमे दर्ज
रामवीर पुत्र रामेश्वर, राजीव पुत्र रामवीर के विरुद्ध थाने में हत्या का प्रयास, घर में घुसकर मारपीट सहित कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। ब्यूरो
महावीर गिरोह का सदस्य रहा है रामवीर
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रमोद हत्याकांड के आरोपी सिरसा गांव निवसी रामवीर यादव पुत्र रामेश्वर महावीर गिरोह का सक्रिय सदस्य भी रह चुका है। बताते चलें कि कई वर्ष पहले कांशीराम गिरोह ने रामवीर के साले बलवीर सिंह की हत्या कर दी थी। उसी का बदला लेने के लिए रामवीर गिरोह में ससुर रामेश्वर के साथ शामिल हो गया था। इसी दौरान पास के गांव नगला रेंद में बड़ी घटनाओं को अंजाम देने के बाद रामवीर सुर्खियों में आया था। ब्यूरो