फतेहगढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी युवतियां आए दिन दबंग युवकों की छेड़छाड़ से परेशान हैं। सोमवार को दरवाजे पर बैठी युवती ने अभद्रता का विरोध किया तो दबंग उसके घर में घुस गए और मारपीट कर युवती की मां को चुटहिल कर कपड़े फाड़ दिए।
मां को बचाने पहुंची युवती को दबोच लिया। पीड़ित परिवार ने कोतवाली में शिकायत की तो पुलिस ने टरका दिया। एसपी ने मामला संज्ञान में आने पर कोतवाल को कार्रवाई के आदेश दिए।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रह रही दो सहेलियों को गांव निवासी दबंग युवक काफी समय से छेड़छाड़ कर परेशान कर रहे हैं। इस संबंध में युवती के परिजनों ने युवक के घर शिकायत की तो युवक उन्हें ब्लैकमेल करने लगे।
इसी के चलते सोमवार सुबह दबंगों ने दरवाजे पर बैठी युवती से अभद्रता की। विरोध करने पर मारपीट पर आमादा हो गए। शोर सुन दबंगों के परिजन वहां पहुंच गए और घर में घुसकर युवती के परिजनों से मारपीट कर दी।
इससे युवती की मां चुटहिल हो गई और उसके कपड़े भी फट गए। बीचबचाव करने पर दबंगों ने युवती को दबोचकर पटक दिया। तभी आस पड़ोस के लोग आ गए और आरोपी धमकी देकर चले गए। पीड़ित युवती परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचे। पुलिस के टरकाने पर पीड़ितों ने पुुलिस अधीक्षक से शिकायत की। एसपी ने फतेहगढ़ कोतवाल को कार्रवाई के आदेश दिए।