फर्रुखाबाद। देश विरोधी नारेबाजी में पकड़े गए युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अखिल भारतीय हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने प्रार्थना पत्र दिया। अपर पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली आकर जांच की। जांच के बाद पुलिस ने आरोपों को निराधार बताते हुए बाइक सीज कर युवकों को छोड़ दिया।
शनिवार शाम को कादरीगेट के पास देश विरोधी नारेबाजी की शिकायत पर पुलिस तीन युवकों को पकड़कर कोतवाली ले आई थी। जानकारी मिलने पर अखिल भारतीय हिंदू महासभा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राजेश मिश्र समर्थकों के साथ रात में ही कोतवाली पहुंच गए। हिंदूवादी नेताओं के आने के बाद कोतवाली पुलिस ने पकड़े गए युवकों को मुंशी कक्ष से निकालकर घुमना चौकी में बंद कर दिया।
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष ने पकड़े गए युवकों के खिलाफ देश विरोधी नारेबाजी करने के संबंध में शहर कोतवाल राजेश पाठक को शनिवार की रात तहरीर दी। मामला दबाए जाने को लेकर हिंदू वादी नेताओं और कोतवाल के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। फोटोग्राफी करने पर कोतवाल मीडिया कर्मियों से भी भड़क गए। मामला तूल पकड़ने पर एएसपी त्रिभुवन सिंह कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने हिंदूवादी नेताओं को समझा-बुझाकर शांत किया। रात में ही पकड़े गए तीनों युवकों को क्लीन चिट देकर छोड़ दिया गया।
रविवार को कोतवाल राजेश पाठक अवकाश पर चले गए। कार्यवाहक कोतवाल एसआई रमाशंकर ने बताया कि एएसपी ने भी शनिवार रात कोतवाली आकर मामले की जांच की थी। जांच में मामला देश विरोधी नारेबाजी का नहीं निकला। कागजात पूरे न होने के चलते युवकों की बाइक सीज कर उन्हें छोड़ दिया गया। अभाहिंम के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष राजेश मिश्र ने कहा कि देश विरोधी नारेबाजी करने वाले युवकों के मामले में पुलिस का रवैया निष्क्रिय रहा। वह इस मामले को लेकर कोर्ट जाएंगे।