फर्रुखाबाद। शहर के मोहल्ला खटकपुरा सिद्दीकी में शुक्रवार को चेकिंग के दौरान बिजली चोरी पकड़ते ही मोहल्लेवालाें ने टीम को घेरा लिया और एसडीओ, जेई व कर्मचारियों से धक्कामुक्की कर मारपीट की। भीड़ में फंसी टीम ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
नगरीय खंड के एसडीओ प्रथम विनीत चौधरी की अगुवाई में शुक्रवार को चेकिंग अभियान चलाया गया। टीम में शामिल अवर अभियंता संदीप कठेरिया, टीजी गोपाल मिश्रा, शिवम तिवारी के अलावा संविदा कर्मी महेश शर्मा, अनिल, विपिन आदि घरों की केबल देख रहे थे। इस दौरान एक घर में बिजली चोरी पकड़े जाने पर विरोध शुरू हो गया। कुछ ही देर में मोहल्ले के लोगों ने ललकारते हुए टीम को घेर लिया और धक्कामुक्की कर उनसे मारपीट करने लगे। विद्युत अधिकारी व कर्मचारियों ने किसी तरह भागकर जान बचाई।
एसडीओ ने बताया कि बिजली चोरी पकड़ते ही लोगों ने कहा कि जुमे के दिन चेकिंग करने क्यों आ गए। मोहल्ले के करीब 200 लोगों ने टीम का घेराव कर हाथापाई की। आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।
बिना बताए घर में घुसने की डीएम से शिकायत
शहर के मोहल्ला खटकपुरा इज्जत खां के वाशिंदों ने जिलाधिकारी व एसपी से शिकायत की कि विद्युत कर्मचारी शुक्रवार को बिना आवाज दिए ही सीढ़ी लगाकर घर में घुस गए। उस दौरान महिलाएं नहा धोकर बैठी थीं। महिलाओं के शोर मचाने पर वह लोग भाग गए। जुमे की नमाज होने से पुरुष घर पर नहीं थे। बिजली कर्मचारियों के खिलाफ महिला उत्पीड़न व अभद्रता के मामले में कार्रवाई की मांग की गई। इससे पूर्व महिलाओं ने शहर कोतवाली पहुंचकर विद्युत कर्मचारियों के खिलाफ अभद्र व्यवहार करने की शिकायत की। जिसमें मुबस्सिर, रिजवान, मो. नासिर, जियाउद्दीन, मो. दिलशाद, मो्.आजम, शहाना बेगम, नफीना बानो आदि के हस्ताक्षर हैं।