लोकसभा चुनाव में मांग बढ़ने से अवैध शराब का कारोबार तेजी पकड़ गया है। मंगलवार भोर बबना तिराहा के पास वाहन चेकिंग में स्कार्पियो से अवैध शराब से भरे 225 पौव्वा, चार सौ लीटर केमिकल, एक बोरी खाली पौव्वा और रैपर बरामद हुए। साथ ही दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
फतेहगढ़ स्थित पुलिस लाइन सभागार में मंगलवार को एसपी डा. अनिल मिश्रा ने पत्रकारों को बताया कि लोकसभा चुनाव में अवैध शराब की रोकथाम को अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार भोर पांच बजे एसओ वेद प्रकाश पांडेय और स्वाट टीम प्रभारी कुलदीप दीक्षित बबना तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
तभी लाल स्कार्पियो आई। इसकी तलाशी में पांच पेटी रखी मिलीं। इसमें 225 पौव्वा अवैध शराब के थे। एक बोरी में खाली पौव्वा और रैपर थे। एक झोले में नीले व आसमानी रंग के पौव्वा के ढक्कन और चार प्लास्टिक की केन में 50-50 लीटर और पांच प्लास्टिक की केन में 40-40 लीटर रिएक्टीफाइड स्प्रिट कुल चार सौ लीटर बरामद हुआ।
पुलिस ने अवैध शराब के साथ नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव नगला मन्न निवासी कमलेश यादव पुत्र रामवीर यादव व सितवनपुर पिथू निवासी ओमवीर सिंह पुत्र रामसिंह को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में इन लोगों ने बताया कि वह अपमिश्रित शराब तैयार कर खाली पौव्वा में भरकर और उसकी तीव्रता बढ़ाने को केमिकल में यूरिया मिलाते हैं। चार सौ लीटर स्प्रिट से करीब आठ हजार पौव्वा तैयार करते हैं। इनको मांग के अनुसार भिजवा दिया जाता है।
एसपी ने बताया कि बरामद हुई शराब और केमिकल की कीमत बाजार में करीब साढ़े पांच लाख रुपये है। इस दौरान एएसपी त्रिभुवन सिंह व अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
400 लीटर केमिकल व शराब के 225 पौव्वा बरामद
दो-दो सौ लीटर रिएक्टीफाइड स्प्रिट भरी नौ प्लास्टिक केन मिलीं
वाहन चेकिंग में नवाबगंज थाना क्षेत्र से पकड़ी गई गाड़ी