घर में घुसकर छेड़छाड़ व मारपीट के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पीड़िता की मां ने पुलिस पर साठगांठ का आरोप लगाया। उसने एसपी से फरियाद की कि आरोपियों की धमकी से भयभीत उनकी बेटी स्कूल नहीं जा रही है। एसपी ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष को आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए।
थाना मऊदरवाजा क्षेत्र की निवासी महिला ने एसपी से शिकायत की कि 6 जनवरी की शाम कायमगंज क्षेत्र के गांव अलादादपुर निवासी चार युवक उनके घर में घुस आए। उनकी नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ करते हुए उसे जबरन ले जाने लगे।
बेटी के विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। शोरशराबा सुन पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और दो युवकों को दबोच लिया। दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया।
लेकिन मौके से भागे दो आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। जबकि उनकी बेटी ने बयान में चारों आरोपियों के नाम बताए थे। महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन दोनों आरोपियों को बचाने के लिए सौदा कर लिया। एसपी ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पीड़िता के बयान के आधार पर कार्रवाई करने के आदेश दिए।
पुलिस पर छेड़छाड़ के आरोपियों को बचाने का आरोप
एसपी ने थानाध्यक्ष को दिए कार्रवाई के आदेश