नवाबगंज। मां-बेटा से हुई लूट का मामला पुलिस जांच में झूठा निकाला। बाइक में रगड़ लगने पर युवकों को सबक सिखाने के लिए झूठा आरोप लगाया था। पुलिस ने शिकायत करने वाले युवक को पकड़ कर शांतिभंग में चालान कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव बराकेशव निवासी नीलेश दुबे ने गुरुवार देर शाम थाने पहुंच कर लूट की तीन युवकों के खिलाफ तहरीर दी थी। इसमें कहा कि वह जनपद मैनपुरी के बेवर निवासी बहन के घर मां को लेकर सुबह गया था। शाम को बहन के घर से मां को लेकर बाइक से लौट रहा था। गांव के नजदीक बाइक सवार तीन युवकों ने उनको रोक लिया और तमंचा दिखाकर उससे बीस हजार रुपये, मां से कुंडल व चेन लूट ली थी। पुलिस ने युवक नीलेश दुबे को साथ लेकर घटनास्थल पर गए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मोहम्मदाबाद के गांव जलापुर निवासी जिस युवक पर लूट का आरोप लगाया, उस युवक को बुलाकर पुलिस ने पूछताछ की। युवक ने बताया कि वह बाइक लेकर आ रहा था। मोड़ पर उसकी बाइक से नीलेश दुबे की बाइक रगड़ गई। इस पर विवाद होने पर वह वहां से चला गया था। पुलिस ने जब नीलेश से पूछताछ की तो उसने भी लूट की घटना गलत बताई। पुलिस नीलेश दुबे को थाने लेकर आई और उसका शांतिभंग में चालान कर दिया।