फर्रुखाबाद। शोहदों की धमकी से परेशान लापता हुई शहर कोतवाली क्षेत्र की छात्रा की तलाश दूसरे दिन गोताखोरों ने रामगंगा नदी में की। हालांकि उसका कोई पता नहीं चला। वहीं सर्विलांस पर लगाया गया छात्रा का मोबाइल लोकेशन रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद का बताया जा रहा है।
एक मोहल्ला निवासी युवक की पुत्री बुधवार सुबह घुमना स्थित एक कोचिंग सेंटर से लापता हो गई थी। छात्रा के बैग में एक सुसाइड नोट मिला था, जिसमें उसने शोहदों से परेशान होकर रामगंगा नदी में कूदने की बात लिखी थी। युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली। अल्लागंज थाना पुलिस को बीते दिन रामगंगा नदी के पुल पर एक बैग मिला था।
छात्रा के लापता होने के मामले में गुरुवार को शहर कोतवाल राजेश पाठक, स्वाट टीम प्रभारी कुलदीप दीक्षित और राजेपुर के प्रभारी थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह के साथ ही डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम रामगंगा नदी पुल पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों के माध्यम से लापता छात्रा की खोजबीन करवाई लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बताया जा रहा है कि पुलिस ने छात्रा का मोबाइल लोकेशन सर्विलांस पर रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद मिला। इसके चलते रेलवे स्टेशन और घुमना बाजार में दुकानदारों के यहां लगे सीसीटीवी के फुटेज भी देखे लेकिन वहां भी कोई सुराग नहीं मिला।
शहर कोतवाल राजेश पाठक ने बताया कि रामगंगा नदी में गोताखोरों से छात्रा की तलाश करवाई लेकिन पता नहीं चला। मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है। उधर, छात्रा के परिजनों का कहना है कि छात्रा की खोजबीन वह लोग भी कर रहे हैं।