शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के ललौर तिराहे पर एक ही कालेज के दो छात्र गुटों के बीच कालेज की छात्राओं के साथ छेड़खानी किए जाने को लेकर बेल्टें और लात घूंसे चले। मारपीट में एक पक्ष से छह छात्र जख्मी हो गए। पुलिस के पहुंचने से पहले एक छात्र गुट भाग गया। पुलिस ने दूसरे पक्ष से घटना की जानकारी ली।
रोशनाबाद स्थित एक इंटर कालेज में ललौर और छिछौनापुर के लड़कों के साथ लड़कियां भी पढ़ती हैं। सोमवार को स्कूल की छुट्टी के बाद छात्र-छात्राएं घर लौट रहे थे। ललौर तिराहे के पास ललौर के छात्रों ने कालेज की छात्राओं के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसका छिछौनापुर गांव के छात्रों ने विरोध किया। इसी बात पर ललौर और छिछौनापुर के छात्रों के बीच बेल्ट और लात घूंसे चलने लगे। मुख्यमार्ग पर मारपीट होने से भगदड़ मच गई। मारपीट में छिछौनापुर के विकास राजपूत, अजय राजपूत, अनुकूल कुमार और रमापुर गांव के अनुराग, निखिल और अभिषेक घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर यूपी 100 पुलिस के साथ फैजबाग चौकी इंचार्ज अभय प्रताप फोर्स के साथ पहुंचे लेकिन तब तक ललौर पक्ष के छात्र मौके से भाग चुके थे। पुलिस ने छिछौनापुर और रमापुर के घायल छात्रों से घटना की जानकारी ली और उन्हें सीएचसी भिजवाया। पुलिस ने ललौर गांव में जाकर छानबीन की लेकिन मारपीट करने वाले छात्रों का पता नहीं चल सका। चौकी इंचार्ज अभय प्रताप सिंह ने बताया कि एक छात्र गुट मौके से भाग गया था। अभी मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी है। छात्राओं से छेड़छाड़ को लेकर दोनों गुटों में मारपीट हुई थी।