फर्रुखाबाद। पांचाल घाट स्थित नारायण आश्रम में रहने वाले अतिरिक्त एसडीएम के आवास से हुई चोरी का पुलिस जल्द खुलासा कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, रकम बरामद कर ली गई है। वारदात में नजदीकी व्यक्ति का हाथ बताया जा रहा है।
भाजपा की प्रदेश कार्य समिति सदस्य डॉ. मिथलेश अग्रवाल का पांचाल घाट पर नारायण आश्रम है। अतिरिक्त एसडीएम बृजकिशोर दुबे आश्रम के एक कमरे में रहते हैं। मंगलवार रात अतिरिक्त कमरे का ताला तोड़कर चोर ने लाखों रुपये चोरी कर लिए थे। खुलासे के लिए एसपी संतोष मिश्रा ने शहर कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम को लगाया।
सूत्रों की मानें तो पुलिस ने एक की निशानदेही पर करीब 38 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। बंटवारे के बाद धन लेकर जो लोग फरार हो गए हैं, उनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। अतिरिक्त एसडीएम बृजकिशोर दुबे ने अभी तब शहर कोतवाली में तहरीर नहीं दी है। पता चला कि अतिरिक्त एसडीएम एक प्लाट खरीदने के लिए रुपये लाए थे। ब्यूरो