फर्रुखाबाद सेंट्रल जेल चौराहे पर सुबह ट्रक की टक्कर से एक चूनी लदी डीसीएम पलट गया। उसकी चपेट में आकर एक व्यक्ति घायल हो गया। अन्य लोग बाल-बाल बच गए। दुर्घटना की वजह से जाम की स्थिति बन गई। करीब आधा घंटे बाद डीसीएम व ट्रक को वहां से हटाया गया। तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।
इटावा-बरेली हाईवे पर सुबह एक चूनी डीसीएम बरेली की ओर से आ रहा था। सेंट्रल जेल चौराहे के पास डीसीएम सातनपुर मंडी की ओर मुड़ने लगा तभी बेवर की ओर से आए ट्रक ने डीसीएम में टक्कर मार दी। इससे डीसीएम वहीं पलट गई और चालक ट्रक छोड़कर भाग गया।
वहीं सड़क किनारे नारायनपुर गांव निवासी आदेश दिवाकर कपड़ों पर प्रेस करने की दुकान लगाता है। चूनी की बोरियों की चपेट में आने से वह जख्मी हो गया। जबकि वहीं बैठे उसके परिवार के अन्य लोग बाल-बाल बच गए।
लोगों ने घायल को बोरियों से निकाला और डाक्टर के पास ले गए। सड़क पर डीसीएम पलटने और चालक के ट्रक छोड़कर भाग जाने से जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डीसीएम को किनारे कराया और ट्रक को कब्जे में लेकर चौकी पर खड़ा कराया। करीब आधा घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका।
ट्रक की टक्कर से डीसीएम पलटा, एक घायल
सेंट्रल जेल चौराहे के पास हुआ हादसा, करीब आधा घंटे तक रहा जाम
दोनों चालक वाहन छोड़कर भागे