बरेली-इटावा हाईवे पर स्थित राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव जैनापुर के निकट शनिवार रात डीसीएम सवार तरबूज किसानों के साथ मारपीट कर दो लाख रुपये लूट के मामले का सोमवार को खुलासा हो गया। इसमें तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने लूटे गए 66,700 रुपये, 5 मोबाइल, घटना में प्रयुक्त कार व लोहे के पाइप बरामद कर लिए हैं।
दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक डा.अनिल मिश्र ने पत्रकारों को बताया कि चार मई की मध्य रात मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव कटरी धर्मपुर निवासी जाहिर खां, अकरम, मुख्तार आदि लखनऊ से तरबूज बेचकर लौट रहे थे।
राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव जैनापुर के निकट कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर डीसीएम रोक ली और किसानों पर हमला कर मोबाइल व नकदी लूट ली थी। इसके खुलासे की जिम्मेदारी स्वाट व सर्विलांस टीम को सौंपी गई। शक के दायरे में आए डीसीएम चालक फतेहगढ़ के गांव धन्सुआ निवासी पन्नालाल से कड़ाई से पूछताछ की गई।
इस पर चालक ने मुखबिरी की बात कबूली। इसी आधार पर लूट के आरोपी डीजल चोर गिरोह के सरगना धन्सुआ निवासी विशाल उर्फ मटरू, ओमेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी निशानदेही पर लूटे गए 66 हजार 700 रुपये, पांच मोबाइल, घटना में प्रयुक्त कार व लोहे के पाइप बरामद कर लिए गए।
जबकि गांव कुटरा निवासी उनके साथी सनी कटियार व महरूपुर निवासी अंकित वर्मा की तलाश की जा रही है। सरगना विशाल उर्फ मटरू दो वर्ष पूर्व कन्नौज रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के वैगन से डीजल-पेट्रोल चोरी के मामले में जेल भेजा जा चुका है। इस दौरान एएसपी त्रिभुवन सिंह मौजूद रहे।
तरबूज किसानों से लूट में तीन गिरफ्तार
एसपी ने किया घटना का खुलासा