फर्रुखाबाद। जिला नगरीय विकास अभिकरण कार्यालय (डूडा) के सस्पेंड लेखाकार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। इसके लिए पीड़ितों के बयान डूडा कार्यालय में दर्ज कर उनकी वीडियो भी बनाई गई है। सूत्रों के अनुसार परियोजना अधिकारी ने जिलाधिकारी को भी शिकायत भेज दी है। सस्पेंड लेखाकार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी चल रही है।
जिला नगरीय विकास अभिकरण कार्यालय में तैनात लेखाकार राकेश द्विवेदी को अनियमितताओं के आरोप में करीब तीन माह पहले सस्पेंड कर दिया गया था। लेखाकार पर पीएम आवास और राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत बेरोजगारों को दिए जाने वाले ऋण में रुपये लेने के आवेदनकर्ताओं ने आरोप लगाए थे। कार्यालय सूत्रों की मानें तो लेखाकार के सस्पेंड होने के बाद कई आवेदनकर्ताओं ने कार्यालय आकर डूडा के अफसरों के समक्ष लेखाकार पर पीएम आवास, ऋण व अन्य योजनाओं के नाम पर रुपये लिए जाने के आरोप लगाए हैं। इन लोगों के अफसरों ने लिखित में बयान दर्ज करने के साथ ही वीडियो भी बनाए हैं। यह भी बताया जा रहा है कि सस्पेंड लेखाकार की शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष भी की जा चुकी है
लेखाकार राकेश द्विवेदी के खिलाफ कई लोगों ने लिखित और मौखिक रूप से रुपये लिए जाने की शिकायतें की हैं। कई लोगों के पास तो रुपये लेने की रिकार्डिंग भी उपलब्ध है। डीएम को इस मामले से अवगत करा दिया गया है। पीड़ित खुद सस्पेंड लेखाकार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कह रहे हैं।
जय विजय सिंह (परियोजना अधिकारी, डूडा)
फर्जी कराई जा रही शिकायतें
सस्पेंड लेखाकार राकेश द्विवेदी ने मोबाइल पर बताया कि उन्हें फर्जी शिकायतों के आधार पर सस्पेंड करवाया गया है। कुछ लोग कार्यालय के अफसरों और कर्मचारियों के साथ मिलकर उनकी फर्जी शिकायतें अभी भी कर रहे हैं। वह हर जांच के लिए तैयार हैं।