सड़क सुरक्षा सप्ताह के दूसरे दिन वाहन चेकिंग में बाइक सवार युवक को पीटीओ के साथ विभाग के सिपाही ने रोक लिया। हेलमेट न लगाने पर उसका चालान कर दिया। इससे नाराज युवक ने खुद का विधायक का भतीजा बताकर सिपाही से हाथापाई कर दी।
बीच बचाव करने आए पीटीओ(यात्रीकर अधिकारी) से अभद्रता करने लगा। यह तमाशा सेंट्रल जेल चौकी पर तैनात पुलिस कर्मी देखते रहे। युवक और उसके साथियों ने पीटीओ को धमकी दी और वहां से चले गए। कोतवाल ने मौके पर पहुंच कर पीटीओ से घटना की जानकारी ली, लेकिन शाम तक तहरीर नहीं दी गई।
इटावा-बरेली हाईवे पर सेंट्रल जेल चौकी के पास पीटीओ वीके आनंद विभाग के सिपाहियों के साथ वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी एक युवक हेलमेट लगाए बगैर बाइक से आया। सिपाही रजनीश ने उसको रोक लिया। गाड़ी के कागज देखने के बाद युवक का हेलमेट न लगाने पर चालान कर दिया। युवक ने खुद को एक विधायक का भतीजा बताया और चालान न करने का दबाव बनाया।
सिपाही के अनसुनी करने पर युवक ने अपने 25-30 साथियों को बुला लिया। साथियों के आने पर सिपाही के साथ हाथापाई और धक्कामुक्की शुरू हो गई। यह देखकर गाड़ी में बैठे पीटीओ वीके आनंद बीचबचाव करने आए तो युवक ने उनसे अभद्रता कर दी।
यह तमाशा करीब आधे घंटे तक सेंट्रल जेल चौकी के पास होता रहा। चौकी पर तैनात पुलिस कर्मी देखते रहे, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। पीटीओ के साथ चेकिंग कर रहे अन्य विभागीय अन्य पुलिस कर्मियों ने बीचबचाव कर विवाद शांत कराया। गुस्साए पीटीओ ने युवक की बाइक को सीज कर दिया। युवक वहां से भाग गए। घटना की जानकारी पर फतेहगढ़ कोतवाल अजय नरायन सिंह मौके पर पहुंचे और पीटीओ से घटना की जानकारी ली।
पीटीओ वीके आनंद ने बताया कि युवक हेलमेट नहीं लगाया था। उससे गाड़ी के कागज भी नहीं दिखाए। भोजपुर विधायक का भतीजा बताकर रौब दिखाने लगा। विरोध पर अभद्रता कर सिपाही से हाथापाई कर दी। सेंट्रल जेल चौकी के सिपाही देखते रहे। उन्होंने कोई मदद नहीं की। वह विभागीय काम के चलते कोतवाली में तहरीर देने नहीं पहुंच पाए। घटना की तहरीर दी जाएगी। कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
सेंट्रल जेल चौकी के सामने पीटीओ से अभद्रता, सिपाही से हाथापाई
कागज दिखाने पर हेलमेट में चालान करने पर हुआ झगड़ा
बाइक सवार युवक ने खुद को विधायक का भतीजा बताया