शमसाबाद से फर्रुखाबाद आ रही महिला को कार सवारों ने नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया।
उसके बैग में रखे जेवर व नगदी लूट ली। महिला को बेहोशी हालत में सड़क किनारे उतार कर भाग गए। पीड़ित ने थाने पहुंच कर घटना की तहरीर दी है।
शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव अद्दूपुर निवासी रीना देवी पत्नी अनिल कुमार का हरदोई जिले के जलपापुर में मायका है। वह गुरुवार को मायके जाने के लिए शमसाबाद से फर्रुखाबाद बस अड्डे आने को फैजबाग आई।
वहां सवारी का इंतजार कर रही थी। तभी एक कार आई। उसमें दो लोग बैठे थे। उन्होंने फर्रुखाबाद चलने के लिए कहा। गर्मी में सवारी न मिलने से महिला कार में बैठ गई।
कार सवारों ने महिला को नशीली कोई चीज खिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसके बैग में रखे बीस हजार रुपये, कुंडल, चेन और पायल लूट लिए। बरौन के पास महिला को उतार कर कार सवार भाग गए।
शाम को होश आने पर महिला दूसरे वाहन से फर्रुखाबाद आई और बस से मायके चली गई। शुक्रवार सुबह जब उसने बैग देखा तो उसमें रखे जेवर व रुपये गायब थे।
वह दोपहर बाद शमसाबाद थाने आई और अज्ञात कार सवारों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी है। थानाध्यक्ष रामबाबू ने बताया कि जांच की जा रही है।
कार सवारों ने नशीला पदार्थ खिलाकर महिला को लूटा
जेवर लूटने के बाद सड़क किनारे उतार कर हो गए फरार