अमृतपुर थानाक्षेत्र के धरमपुर गांव के पास टेंपो में पिकअप ने टक्कर मार दी। इससे टेंपो पलट गया। उसमें बैठे सात लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी राजेपुर में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल ग्रामीण को लोहिया अस्पताल भेज दिया। वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अमृतपुर निवासी अशोक कुमार उर्फ मल्लू अवस्थी (54) अपने साथी मनोज शुक्ला, सुधाकर अवस्थी, सोनू, शैलेंद्र अवस्थी, राजीव कुमार और सतेंद्र कुमार के साथ टेंपो से कथा सुनने मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के सहसपुर गांव जा रहे थे।
रास्ते में करनपुर गांव के पास पीछे से आ रही पिकअप ने टेंपो में टक्कर मार दी। इससे टेंपो पलट गया और उसमें बैठे सभी लोग फंस गए। यह देख आसपास के लोग उन्हें बचाने को पहुंच गए। उन्होंने टेंपो में फंसे सभी लोगों को निकाला। इस बीच चालक पिकअप लेकर भाग गया।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को सीएचसी राजेपुर में भर्ती कराया। वहीं गंभीर रूप से घायल अशोक कुमार को लोहिया अस्पताल में ले जाया गया। वहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में राजेपुर सीएचसी से मनोज शुक्ला को भी लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अन्य लोगों का सीएचसी में इलाज चल रहा है। अशोक के परिवार में पत्नी किरण के अलावा दो बेटे शिवेंद्र और सूरज व तीन बेटियां रानू, एकता और आरती हैं। रो-रोकर परिजन बेहाल हो गए।
पिकअप की टक्कर से टेंपो पलटा, एक की मौत, छह घायल
टेंपो से कथा सुनने जा रहे थे सहसपुर