थाना क्षेत्र के फैजबाग गांव स्थित भाजपा नेता के पेट्रोल पंप पर सोमवार देर रात पेट्रोल भरवाने आए बाइक सवारों का रुपये के लेनदेन को लेकर कर्मचारियों से विवाद हो गया। इस पर उन्होंने पेट्रोल पंप कर्मचारियों से मारपीट कर दी। कर्मचारियों ने लूट का आरोप लगा कर थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाजपा के कानपुर व बुंदेलखंड जोन के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. वीके गंगवार का शमसाबाद थाना क्षेत्र के फैजबाग गांव में सुखदेवी किसान सेवा केंद्र के नाम से पेट्रोल पंप है। सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे पेट्रोल पंप पर एक बाइक पर सवार तीन लोगों ने बाइक में 50 रुपये का पेट्रोल डलवाया।
आरोप है कि सेल्समैन अमित ने उससे रुपये मांगे तो वह लोग गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। दूसरा सेल्समैन मनोज बचाने आया तो उसे भी पीट दिया। साथ ही पांच हजार रुपये भी लूट लिए।
सूचना पर डॉ. वीके गंगवार व उनके भाई रोहितास गंगवार मौके पर पहुंचे। उन्होंने थाने पहुंच कर घटाना की जानकारी पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। सेल्समैन अमित ने थाने में मामले की तहरीर दी है। थानाध्यक्ष रामबाबू सिंह ने बताया कि मारपीट का मामला है। लूट की बात संदिग्ध लग रही है। सीसीटीवी फुटेज में मारपीट की घटना दिख रही है।
भाजपा नेता के पेट्रोल पंप पर मारपीट, लूट का आरोप
देर रात रुपये के लेन देने को लेकर हुआ विवाद, दो पेट्रोल पंप कर्मियों को पीटा