बिजली न मिलने से गुस्साए ग्रामीणों को उपकेंद्र पर ताला डाल कर उपद्रव करना महंगा पड़ गया। अवर अभियंता के निर्देश पर संविदा कर्मचारी ने 11 ग्रामीणों के खिलाफ नामजद व 50 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
15 दिन से फाल्टों के कारण बिजली न आने से गुस्साए ग्रामीणों ने मंगलवार को नवाबगंज उपकेंद्र को घेर लिया था। मशीनों को बंद करवाने के बाद उपकेंद्र पर कुर्सी-मेज पलट दी थी। इसके विरोध में संविदा कर्मचारी से धक्कामुक्की की थी।
करीब तीन घंटे बाद अवर अभिंयता सुधीर कुमार के बिजली समस्या का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त किया था। अवर अभियंता के निर्देश पर संविदा कर्मचारी हासिम अली ने देर शाम नवाबगंज थाना पहुंच कर घटना की तहरीर दी।
इसमें गांव कच्छपुरा निवासी लटूरी, वैभू, अनूप शाक्य, अनिल शाक्य, सहदेव, धर्मेंद्र, अशोक शाक्य, पिंटू, लालू, गांव नगला गुलरिया निवासी संतराम, लज्जाराम के खिलाफ नामजद और 50 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें वीसीबी को जबरन बंद कराने, उपकेंद्र की बिजली फिटिंग व कुर्सी तोड़ने, कैश काउंटर कर्मचारी से अभद्रता करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया है।
उपकेंद्र पर उपद्रव में 61 ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट
संविदा कर्मचारी ने 11 ग्रामीणों को बनाया नामजद आरोपी