फर्रुखाबाद। दुष्कर्म के आरोप में जिला जेल में निरुद्ध चाचा से मिलने गए भतीजे की तलाशी में स्मार्ट वाच बरामद हुई। जेलर ने उसे कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया और उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
राजेपुर के ईमादपुर पमारान गांव निवासी रामकिशन का पुत्र जगराम दुष्कर्म के आरोप में अप्रैल 2018 में जेल गया था। तब से वह जिला कारागार फतेहगढ़ में निरुद्ध है। रविवार को बंदी का भतीजा रोहित कुमार पुत्र शेर सिंह उससे मिलाई करने जिला जेल गया था। वह हाथ में स्मार्ट वाच बांधे था।
उसने स्मार्ट वाच को प्रथम गेट पर जमा नहीं किया और जेल के अंदर प्रवेश कर गया। जेल के दूसरे गेट पर जेल कीपर राजपाल सिंह ने तलाशी के दौरान रोहित से स्मार्ट वाच बरामद कर ली। इसकी जानकारी जेलर गिरिजा शंकर यादव को दी गई। वह मौके पर आए और रोहित कुमार से पूछताछ करने के बाद स्मार्ट वाच को कब्जे में ले लिया।
इसके बाद दो बंदी रक्षकों के साथ रोहित को फतेहगढ़ कोतवाली भेज कर पुलिस के हवाले कर दिया। बरामद घड़ी पुलिस को सौंपने के बाद रोहित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी। इसमें कहा युवक बंदी को चोरीछिपे स्मार्ट वाच देने जेल आया था।
दुष्कर्म के आरोप में जिला जेल में निरुद्ध चाचा से मिलने आया था युवक
जेलर ने आरोपी को पुलिस के हवाले किया, दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो