अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। सदर तहसील में बैनामा के दौरान रजिस्ट्री फर्जी होने की बात कह तीसरे पक्ष ने खरीदार और विक्रेता दोनों को सरिया और लाठियों से हमलाकर घायल कर दिया। घटना से रजिस्ट्रार आफिस में अफरातफरी मच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी वहां से भाग निकले। पुलिस ने एक को हिरासत में ले लिया है।
जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव जरारी निवासी मुन्ने, अंसार समेत अन्य लोग गुरुवार की शाम सदर तहसील में रजिस्ट्रार आफिस अपनी सात बिसवा जमीन बेचने आए थे। उसके साथ खरीदार खालिद और तालिब भी थे। रजिस्ट्री कराने के दौरान गांव काराजू अपने साथियों के साथ रजिस्ट्रार आफिस पहुंच गया। राजू पक्ष के लोगाें ने फर्जी बैनामा होने का आरोप लगा कर आपत्ति की। उप निबंधक ने उनके कागजातों को चेक किया और सही होने पर रजिस्ट्री का कार्य शुरू हो गया। उसी समय राजू पक्ष के लोगों ने खालिद और तालिब के साथ मारपीट करना शुरू कर दी। रजिस्ट्रार आफिस में मारपीट होने से भगदड़ मच गई। सूचना पर फोर्स मौके पर पहुंच गया। तभी हमलावर कार से भाग निकले। पुलिस ने राजू को हिरासत में ले लिया है। मारपीट में खालिद और तालिब घायल हो गए।
खालिद ने बताया कि मारपीट के दौरान एक लाख रुपये और मोबाइल गायब हो गया। उधर, थाना प्रभारी दधिबल तिवारी ने बताया कि अभी उनको तहरीर नहीं मिली। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।