अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। एसडीएम सदर व जिला खनन निरीक्षक ने गुरुवार को भोर में चेकिंग अभियान चलाया। बेवर रोड पर पांच ट्रक मौरंग पकड़ी। साथ ही फतेहगढ़ के बरगदिया घाट के पास से एक लोडर को बालू ले जाते पकड़ लिया। सभी वाहनों को सीज कर दिया गया है।
एसडीएम सदर ईशान प्रताप सिंह व जिला खनन निरीक्षक डॉ. सुशील कुमार गुरुवार भोर में चार बजे फतेहगढ़ के बरगदिया घाट पहुंच गए। वहां पर एक लोडर बालू लेकर जा रहा था। लोडर चालक कुछ भी नहीं बता पाया। इस पर लोडर को सीज कर दिया गया। बालू लेकर जा रही एक बैलगाड़ी भी पकड़ी। इसके बाद अधिकारी नौखंडा की ओर चले गए। वहां अधिकारियों को कुछ नहीं मिला। इसके बाद अधिकारियों ने सेंट्रल जेल चौकी के पास वाहनों को चेक किया।
इस दौरान इटावा-बरेली हाईवे पर बरेली की ओर जाने वाले पांच ट्रक पकड़े गए। एसडीएम ने बताया कि कई वाहनों को चेक किया गया था। पकड़े गए पांचों ट्रक में मौरंग भरी थी। कागज मांगने पर चालक नहीं दिख सके। इस पर पांचों ट्रकों को सीज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान इसी तरह चलता रहेगा।