अमर उजाला ब्यूरो
शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के गांव कलुआपुर शानी में एक प्राइवेट स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पर कार्यक्रम के दौरान कुछ दबंगों ने उपद्रव कर दिया। स्कूल में तोड़फोड़ कर प्रबंधक के भाई सहित दो लोगों को असलहों की बटों से पीटकर घायल कर दिया। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है।
कलुआपुर शानी स्थित सोमवती जगदेवी शिक्षण संस्थान में बुधवार को स्वतंत्रता दिवस पर बच्चे कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे थे। कुछ ग्रामीण सड़क पर खड़े होकर कार्यक्रम देख रहे थे। इसी दौरान कायमगंज की ओर से आई मारुति वैन ने सड़क पर गांव के अनुज (14) पुत्र अनिल कुमार को टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने वैन चालक को पीट दिया। वैन चालक वहां से किसी तरह बचकर भाग गया।
अनुज को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ देर बाद वैन चालक तीन-चार बाइकों से अपने छह-सात साथियों के साथ असलहे लेकर स्कूल पहुंच गया। स्कूल में लोगों से अभद्रता करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर उन्होंने स्कूल प्रबंधक शैलेश पाल के भाई हरी सिंह व गांव के धीरेंद्र के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज भी डंडा टूट जाने से जमीन पर गिर पड़ा। शैलेश ने अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष आलोक यादव ने बताया कि वैन से टक्कर मार देने की तहरीर मिली है। जांच कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। स्कूल प्रबंधक की तहरीर नहीं मिली है।