अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर यूनियन बैंक शाखा विकास भवन के प्रबंधक समेत पांच के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें बेची गई जमीन को बैंक में बंधक बनाकर लोन लिए जाने का आरोप लगाया गया है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नवदिया निवासी अधिवक्ता मनोज कटियार ने नवदिया निवासी अमर नाथ, ध्रुव सिंह, यूनियन बैंक शाखा विकास भवन के प्रबंधक विनोद कुमार, अधिवक्ता और कुटरा निवासी हरीराम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें कहा गया कि उसने और उसके भाई अरुण कुमार ने 20 जुलाई 1992 को कुटरा गांव में कृषि योग्य भूमि का अमरनाथ, विश्वनाथ, बाबा प्रहलाद सिंह, प्रताप सिंह व तेज सिंह से खरीदी थी।
20 अगस्त 2015 और 7 अक्तूबर 2015 को जमीन का दाखिल खारिज हो गया था। भाई अरुण ने जमीन पर कब्जा कर लिया। उसके हिस्से की जमीन खाली पड़ी थी। अमरनाथ ने बेची गई जमीन पर यूनियन बैंक के शाखा प्रबंधक व अन्य लोगों से मिलकर फर्जी अभिलेख तैयार कर तीन लाख रुपये लोन ले लिया। इसकी जानकारी होने पर 26 जून 2016 को आरोपियों से लोन के रुपये जमा करने को कहा। वह सभी लोग नाराज हो गए और अभद्र व्यवहार करने लगे। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।