अमर उजाला ब्यूरो
नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। थाना व कसबा में मंगलवार रात सराफा और मिठाई की दुकान के ताले चोरों ने तोड़ दिए। पड़ोसियों के जाग जाने पर चोर भाग गए।
कसबा बाजार में श्याम सिंह यादव की घर में ही यदुवंशी ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। श्याम सिंह के मुताबिक मंगलवार रात बोलेरो पर सवार चोरों ने दुकान के ताले काट दिए। पड़ोसी सुशील राठौर लघुशंका के लिए उठे तो उन्होंने खांस दिया। इस पर चोर भाग गए। सुबह जब दुकान के ताले लोगों ने टूटे देखे तो श्याम सिंह को सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने जांच पड़ताल की। जांच के दौरान पड़ोसी मुदित की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक बोलेरो खड़ी दिखाई दी लेकिन न बोलेरो का नंबर दिखाई दिया और नहीं चोर। श्यामपाल सिंह ने बताया कि दुकान की तिजोरी में सोने-चांदी के जेवर और नगदी रखी थी।
उधर, कसबा के ही पुराना डाकघर गली में पंचमलाल की मिठाई के गोदाम के भी चोरों ने ताले तोड़ दिए। पड़ोसी रामसुमेर के जागने पर चोर भाग गए। सुबह जब पंचमलाल ने मिठाई कारखाने के ताले टूटे देखे तो दंग रह गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी लेकिन पुलिस जांच करने तक नहीं आई। एसओ रजनीश चौहान ने बताया कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है।