अमर उजाला ब्यूरो
कंपिल (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के अहिबरन नगला में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर फायरिंग हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दो लोगों को हिरासत में लिया। फिलहाल किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं दी गई है।
अहिबरन नगला के रहने वाले रामरईस यादव के भाई महेश यादव का विवाद पड़ोसी ओमकार यादव के बेटे दिनेश यादव से मंगलवार की रात हो गया था। इसी विवाद के चलते बुधवार को रामरईस ने दिनेश के भाई दुर्बेश को रास्ते में लाठी लेकर घेर लिया। दुर्बेश ने भाग कर जान बचाई। जानकारी होने पर दोनों पक्षों से लोग असलहे लेकर आमने-सामने हो गए और फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की तड़तड़ाहट से ग्रामीण घरों में दुबक गए।
सूचना मिलने पर थाना व चौकी फोर्स मौके पर पहुंचा और एक पक्ष से रामरईस व दूसरे पक्ष से रिंकू को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष महेंद्र नाथ त्रिपाठी ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ है। अभी किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्यवाई की जाएगी।
बताते हैं कि दोनों पक्षों में करीब 15 सालों से पुरानी रंजिश चली आ रही है। रामरईस ने बताया कि करीब पंद्रह साल पहले मेरे भाई पूर्व प्रधान दुर्विजय सिंह यादव की ओमकार के रिश्तेदारों ने हत्या कर दी थी। हत्या में आज भी आरोपी जेल में हैं।