फर्रुखाबाद। बिजली बिल के 4.10 लाख रुपये गायब होने के मामले से अब एक्सईएन ग्रामीण ने एसपी को अवगत कराया है। उन्होंने जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की। एसपी ने विभागीय जांच कराकर रिपोर्ट एक्सईएन से मांगी है।
विद्युत उपकेंद्र उपखंड कार्यालय नीबकरोरी में बिजली बिल के करीब 18.76 लाख रुपये 30 जनवरी को जमा हुए थे। ये रुपये जेई व अन्य लोग विभाग में लगी गाड़ी से खंड कार्यालय भोलेपुर ला रहे थे। जहानगंज विद्युत उपकेंद्र पर बने कैश काउंटर से भी जेई ने जमा हुआ राजस्व खंड कार्यालय में जमा करने को उठाया। खंड कार्यालय में सरकारी धन जमा किया गया। जब उसकी गिनती हुई तो 4.10 लाख रुपये कम निकले।
जेई सतेंद्र कुमार ने प्रकरण की जहानगंज थाने में तहरीर दी थी। एसओ ने गाड़ी चालक को हिरासत में लेकर दो दिन पूछताछ की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। एक्सईएन ग्रामीण रमेश चंद्र, जेई सतेंद्र कुमार, जेई विनोद कनौजिया व अन्य लोगों ने एसपी संतोष मिश्रा से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की जानकारी दी। एसपी ने एक्सईएन से विभागीय जांच कराकर रिपोर्ट मांगी है।