अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। एक विवाहिता की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। उसका शव साड़ी के फंदे से लटकता हुआ मिला। पैर जमीन छू रहे थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या कर आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। पुलिस और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। सूचना पर मायके वाले भी पहुंच गए। मृतका के भाई ने ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जिला हरदोई थाना अरवल के गांव बारामऊ दहेलिया निवासी महेंद्र सिंह उर्फ कल्लू ने बहन रीता की शादी थाना नवाबगंज के गांव सिलहा बसेली निवासी कुलदीप यादव से नौ मई 2015 में की थी। इस समय कुलदीप का परिवार थाना मऊदरवाजा के गांव कुइंयाबूट में रहता है। उसका आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुरालीजनों ने दहेज में बाइक और नगदी की मांग कर दी। मांग पूरी न होने पर रीता से ससुरालीजन आयेदिन मारपीट करने लगे। इसकी शिकायत रीता ने मायके वालों से की तो इन लोगों ने वहां जाकर समझाया पर कुछ समय बाद फिर से उत्पीड़न होने लगा।
महेंद्र का आरोप है कि मंगलवार दोपहर ससुरालीजनों ने रीता की हत्या करने के बाद शव को अंडरग्राउंड कमरे में ले जाकर साड़ी के फंदे से जाल से लटका दिया। महिला के पैर जमीन छू रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर थाना प्रभारी भुवनेश कुमार और नायब तहसीलदार चूड़ामणि मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने कुलदीप यादव, पूर्व प्रधान भाई सुनील यादव, उनकी पत्नी सरोज देवी, विक्कू यादव, घनश्याम उर्फ भीम के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-साड़ी के फंदे से लटका मिला शव, पैर जमीन छू रहे थे
-भाई ने पति और उनके भाई पूर्व प्रधान समेत अन्य पर रिपोर्ट