संकिसा। मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव नगला सबल में बिजली का स्टार्टर चोरी से खोलने की शिकायत पर युवक को तमंचे से गोली मारकर घायल कर दिया गया। इसके बाद उस पर ईंटों से प्रहार कर चोट पहुंचाई गई। मामले की रिपोर्ट थाना मेरापुर में दर्ज कर ली गई है।
गांव नगला सबल निवासी अवनीश यादव (25) पुत्र छोटे सिंह यादव ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसके नलकूप के सबमर्सिबल पंप का स्टार्टर गांव के ही बलराम यादव और शिवनाथ यादव उर्फ नन्हें ने चोरी कर लिया था। इस मामले में जब उसने इन लोगों से बातचीत की तो बलराम ने तमंचा निकालकर उसे गोली मार दी। शिवनाथ ने ईंटों से चोट पहुंचाकर उसे घायल कर दिया। मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने इन दोनों की तलाश में कई जगह छापेमारी की लेकिन हमलावर नहीं मिल सके। थाना पुलिस का कहना है कि हमलावरों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। विवेचना के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।