फर्रुखाबाद। सदर तहसील के लेखपाल और कानूनगो समेत पांच लोगों के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में याचिका दायर की गई है। इसमें जमीन पर कब्जा करने के मामले में जीवित व्यक्ति को मृत दिखाकर दूसरे के नाम वरासत चढ़ाने का आरोप लगाया है।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के मोहल्ला बीबीगंज मेहरबान निवासी प्रदीप कुमार शाक्य ने मोहल्ला निवासी अजय कुमार शर्मा, संजीव कुमार, नीरज कुमार, सदर तहसील में तैनात लेखपाल रोशनलाल व कानूनगो विजय किशन पाठक के खिलाफ वकील विजय प्रताप सिंह के माध्यम से अदालत में याचिका दायर की है। इसमें कहा कि खारबंदी भीखमपुरा गांव में कुलदीप कुमार शाक्य से 20 नवंबर 2006 में जमीन खरीदी थी।
इस जमीन पर अजय कुमार शर्मा, संजीव कुमार और नीरज कब्जा करना चाहते थे। 21 जनवरी 2019 को आरोपियों ने जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। इसका विरोध करने पर जानकारी हुई कि आरोपियों ने 29 सितंबर 2018 को लेखपाल और कानूनगो से मिलकर उसको मृत दिखाकर फर्जी तरीके से वरासत में अपना नाम दर्ज करा लिया। इसकी शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।