फर्रुखाबाद। शहर कोतवाली क्षेत्र के नीवाचुअत मोहल्ला के पास बैंक कर्मचारी ने नशे में ई-रिक्शा पर सवार किशोरियों के साथ सरेराह मारपीट कर दी। राहगीरों ने बैंककर्मी को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर ली है।
नितगंज दक्षिण निवासी अतुल मिश्र सोमवार को ई-रिक्शा से घर लौट रहा था। उसी रिक्शे पर प्रज्ञा उर्फ दीक्षा निवासी कूंचा भवानीदास अपनी सहेली श्रुति राठौर के साथ बैंक से काम निपटाकर घर लौट रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नीवाचुअत स्थित मंदिर के पास अतुल मिश्र ने ई-रिक्शा रुकवाया और उससे उतरकर किशोरियों को भी बाहर खींच लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी। किशोरियां रोते हुए कोतवाली पहुंच गईं। घटना की जानकारी मिलने पर प्रज्ञा उर्फ दीक्षा का भाई विक्रांत प्रताप सिंह पुत्र सतीश सिंह भी कोतवाली पहुंच गए। प्रज्ञा ने भाई को घटना की जानकारी दी। विक्रांत प्रताप सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अतुल मिश्र के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली।
अतुल मिश्र ने बताया कि उसने किशोरियों से ई-रिक्शा पर धीरे-धीरे बात करने के लिए कहा तो वह अभद्रता करने लगीं। घुमना चौकी इंचार्ज तेजबहादुर ने बताया कि अतुल मिश्र शराब के नशे में था। किशोरी के भाई की तहरीर पर एनसीआर दर्ज कर अतुल मिश्र को मेडिकल के लिए भिजवाया गया है। बताते हैं कि अतुल मिश्र ग्रामीण बैंक मैनपुरी में चतुर्थ श्रेणी के पद पर कार्यरत है।