अमृतपुर (फर्रुखाबाद)। थाना क्षेत्र के गांव मंझा में शुक्रवार को पुलिसकर्मियों से मारपीट के मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को फकरपुर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव करनपुर घाट निवासी छेदालाल के ट्रैक्टर से शुक्रवार को चालक हरदेव गन्ना लेने मंझा गांव गया था। वापस आते समय रास्ते में पड़ी राजू की झोपड़ी ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ कर गिर गई। इससे हरदेव व राजू में विवाद होने लगा था। सूचना पर यूपी-100 टीम ने गांव पहुंचकर हरदेव को हिरासत में ले लिया था। इसी दौरान हरदेव के परिजनों ने गांव पहुंच कर पुलिस से मारपीट शुरू कर दी। इसमें लाठी लगने से हेड कांस्टेबल शिव सिंह घायल हो गए। अन्य पुलिस कर्मियों से भी जमकर हाथापाई हुई। मामले की सूचना पर अमृतपुर थानाध्यक्ष रामप्रकाश व राजेपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थे। तब तक आरोपी मौके से फरार हो गए।
देर शाम एसपी संतोष मिश्रा ने भी आरोपियों के घरों में दबिश दी थी। मामले में गांव के ही पृथ्वीराज व थाना पुलिस ने करपुरघाट निवासी सहदेव, जदुवीर उर्फ जादू, रामवीर, राजवीर और राजेश के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर फकरपुर पुल के पास से जदुवीर व रामवीर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।